एआई पत्रकारिता का विकल्प नहीं, बल्कि शक्तिशाली सहायक: पीयूष पाण्डेय
वरिष्ठ पत्रकारों एवं सूचना अधिकारियों का किया सम्मान

हरिद्वार। तेजी से बदलती तकनीक के दौर में पत्रकारिता में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका, चुनौतियों और संभावनाओं पर उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की हरिद्वार इकाई ने होटल पार्क ग्रैंड में एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की। ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रू पत्रकारिता के क्षेत्र में चुनौतियां एवं अवसर’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने तकनीक के उपयोग और उससे जुड़ी जिम्मेदारियों पर विचार साझा किए।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं एआई विशेषज्ञ पीयूष पाण्डेय ने कहा कि एआई पत्रकारों के काम को आसान और तेज बनाने वाला शक्तिशाली सहायक है, लेकिन यह पत्रकार का विकल्प नहीं हो सकता। डेटा विश्लेषण, ऑडियो-वीडियो का लिखित रूप तैयार करने, भाषा अनुवाद और समाचारों के प्रारंभिक मसौदे बनाने में इसका प्रभावी उपयोग किया जा सकता है। हालांकि, किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों का मानवीय सत्यापन अनिवार्य है। उन्होंने डीपफेक और एआई से तैयार फर्जी खबरों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय और संपादकीय विवेक पत्रकार के पास ही रहना चाहिए।
संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव जी महाराज ने कहा कि ऐ आई मशीनें सूचनाएं और आंकड़े तेजी से जुटा सकती हैं, लेकिन सामाजिक चेतना, मानवीय संवेदना और सत्य की परख पत्रकारिता के मूल आधार हैं। उन्होंने तकनीक के सकारात्मक उपयोग पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती और अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य मनोज गौतम ने भी विचार रखे। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि पत्रकारों को समय के साथ तकनीकी बदलाव अपनाने होंगे। एआई के उचित उपयोग से खोजी पत्रकारिता और त्वरित रिपोर्टिंग की क्षमता बढ़ सकती है।

इन्हें किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में कुंभ मेला सूचना अधिकारी कीर्ति पंवार, जिला सूचना अधिकारी रतिलाल शाह सहित वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेंद्र हर्ष, गुलशन नैयर, राधेश्याम विद्याकुल, रजनीकांत शुक्ला, अविक्षित रमन, अवधेश शिवपुरी, त्रिलोक चंद भट्ट, सुदेश आर्य, नरेश दीवान शैली, परमजीत राणा, राजेन्द्रनाथ गोस्वामी, ओम गौतम फक्कड़, ललितेंद्र नाथ, शैलेंद्र सिंह, डॉ. हिमांशु द्विवेदी, जगदीश देशप्रेमी, रामेश्वर दयाल, मुदित अग्रवाल, गोपाल कृष्ण पटुवर, संजय आर्य, डॉ. उमेश सचान, ऋषि सचदेवा और निशांत गर्ग सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. रजनीकांत शुक्ला ने किया। इस अवसर पर यूनियन के जिला अध्यक्ष संजय आर्य, कार्यकारी अध्यक्ष संजय रावल, महामंत्री अमित गुप्ता, सुमित तिवारी, कोषाध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी, संयोजक अनिरुद्ध भाटी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अविक्षित रमन सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।