दिव्यांग रोजगार मेले में 23 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 16 को वर्क फ्रॉम होम का अवसर

देहरादून। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सेवायोजन कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून ने अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से मेले का आयोजन किया। इसमें प्रदेशभर से 40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार के बाद 23 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 16 अभ्यर्थियों का घर से काम करने के लिए चयन हुआ। केंद्र के उपनिदेशक डॉ. जैनेद्र कुमार ने बताया कि मेले का उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है। मेले में चलने-फिरने में असमर्थता, श्रवण बाधित, कम दृष्टि और बौद्धिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी गई। एडुस्किल सॉल्यूशन, निवा बूपा इंश्योरेंस लिमिटेड और बीपीओ क्षेत्र की कंपनियों ने साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया में भाग लिया। इस अवसर पर पुनर्वास अधिकारी संतोष कुमार सिंह, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सोहनलाल सहित अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।