त्योहारी सीजन में पल्टन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो एंट्री

त्योहारी सीजन में पल्टन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो एंट्री


देहरादून। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। पल्टन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य सुबह 11 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद ही किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें बाजारों में यातायात प्रबंधन, जनसुरक्षा और अतिक्रमण हटाने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। एडीएम ने कहा कि पल्टन बाजार सहित शहर के अन्य व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा। रेहड़ी-ठेली, दुकानों के बाहर रखा सामान और आवागमन बाधित करने वाले अन्य अवरोधों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। संबंधित विभागों को नियमित निगरानी और संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक सामान न रखें और पैदल चलने वालों के लिए रास्ते खुले रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करेंगे। बैठक में उप जिलाधिकारी मुख्यालय हर्षिता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, सीओ यातायात जगदीश पंत सहित व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *