एसएसपी की सख्ती, नशा तस्करी और लंबित विवेचनाओं पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसएसपी की सख्ती, नशा तस्करी और लंबित विवेचनाओं पर होगी कड़ी कार्रवाई


टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की अध्यक्षता में गुरूवार को पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध गोष्ठी एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 पुलिसकर्मियों को एम्प्लॉई ऑफ द मंथ घोषित कर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने नशा तस्करी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने और लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। विवेचना में शिथिलता बरतने पर संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों से नियमित संपर्क बनाए रखने, महिला संबंधी शिकायतों का संवेदनशीलता से निस्तारण करने तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। आदतन अपराधियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और सम्मन-वारंट की तामील पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने सीसीटीएनएस और अन्य पोर्टल पर लंबित कार्य पूरे करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री की निगरानी करने को कहा। आगामी दीपावली और त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जनपद के क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *