मोबाइल चोरी कर यूपीआई से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये, शातिर चोर गिरफ्तार

मोबाइल चोरी कर यूपीआई से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये, शातिर चोर गिरफ्तार


देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी कर बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से करीब डेढ़ लाख रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय शाहरून को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी की रकम से आर-15 मोटरसाइकिल और सोने-चांदी के आभूषण खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल, 40 हजार रुपये नकद, आभूषण और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को अनुराधा पुत्री पुरुषोत्तम ने सहसपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 सितंबर को शंकरपुर स्थित उनके कमरे से मोबाइल चोरी होने के बाद बैंक खाते से भी रकम निकाल ली गई। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और सर्विलांस की मदद से जांच की। 17 अक्टूबर को पुलिस ने रामपुर पुल, सहसपुर क्षेत्र से आरोपी को चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोबाइल का सिम दूसरे फोन में डालकर नंबर की जानकारी जुटाई और फिर सिम दोबारा चोरी के फोन में डालकर स्क्रीन लॉक खोल लिया। इसके बाद फोन में सक्रिय फोन-पे ऐप के माध्यम से खाते से करीब डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई है।
बरामद सामान में वीवो मोबाइल, 40 हजार रुपये नकद, तीन जोड़ी पाजेब, एक नोजपिन, एक अंगूठी और आर-15 मोटरसाइकिल शामिल हैं। आरोपी मूल रूप से बरेली जिले के रम्पुरा माफी का निवासी है और वर्तमान में शंकरपुर में रह रहा था। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल त्रेपन सिंह और कांस्टेबल बृजपाल व मंजीत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *