पटेलनगर फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी की निशानदेही पर तमंचा बरामद

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग कर युवक को घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गुरमीत को पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी ने 3 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को आईटीएस कॉलेज रोड पर पुराने विवाद के चलते गुरमीत और उसके साथियों ने फायरिंग की थी। इसके बाद शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक के पास दोबारा गोली चलने से साहिल घायल हो गया था। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर चुकी है। गुरमीत (23) सहारनपुर जिले का निवासी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नया गांव के जंगल से 32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।