कुंजापुरी मेले में प्रियंका मेहर और हेमा नेगी करासी की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की छठी सांस्कृतिक संध्या उत्तराखंडी लोक संगीत के नाम रही। लोक गायिका प्रियंका मेहर और जागर गायिका हेमा नेगी करासी की प्रस्तुतियों पर हजारों दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रियंका मेहर ने ‘फूल खिलाला’, ‘रम झमा’ और ‘लड़का कुमाऊं को’ सहित कई लोकप्रिय गीतों से समां बांधा। वहीं, हेमा नेगी करासी ने मां कुंजापुरी के भजनों, पारंपरिक जागरों और ‘सोबनु मेरी बामणी’ जैसे गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि कुंजापुरी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है तथा नई पीढ़ी को लोक परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस अवसर पर मेला समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।