मेधावी विद्यार्थियों को नवंबर में भेजा जाएगा अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण पर: डॉ. धन सिंह

देहरादून। प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राओं को नवंबर में अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजा जाएगा। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसकी रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने निःशुल्क स्कूली ड्रेस, बैग, जूते और साइकिल की धनराशि एक माह के भीतर विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजने को कहा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक एवं अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्रों, खेल प्रशिक्षण संस्थानों, प्रौद्योगिकी संस्थानों और सांस्कृतिक विरासत स्थलों का दौरा कराया जाएगा। प्रदेश में आईआईटी रुड़की, एनआईटी, आईआईएम काशीपुर, एफआरआई देहरादून और मसूरी स्थित आईएएस प्रशिक्षण अकादमी सहित प्रमुख संस्थानों का भ्रमण भी कराया जाएगा। डॉ. रावत ने एससीईआरटी और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के नए ढांचे सहित विभिन्न प्रस्ताव आगामी मंत्रिमंडल बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं, खेल परिसरों और छात्रावासों का लोकार्पण शीघ्र कराने तथा शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने को भी कहा। बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।