अपनों की प्रताड़ना से परेशान बुजुर्ग न्याय की आस में पहुंचे समाधान दिवस, दिए निर्देश

अपनों की प्रताड़ना से परेशान बुजुर्ग न्याय की आस में पहुंचे समाधान दिवस, दिए निर्देश
 
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 92 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें बुजुर्गों की प्रताड़ना, संपत्ति विवाद, पेंशन में देरी, आर्थिक सहायता और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं
89 वर्षीय राजन सूद ने बेटे पर धोखे से संपत्ति अपने नाम कराने, 15 लाख रुपये लेने और मारपीट करने का आरोप लगाया। डीएम ने एसडीएम सदर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए। अन्य बुजुर्गों ने भी परिजनों पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। जनसुनवाई में अनाथ बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक सहायता, भूमि धोखाधड़ी, अवैध कब्जे और नशे की बिक्री से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। डीएम ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन समय पर देने, बिजली-पानी के बिल हर माह जारी करने और लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
 

20 शिकायतें दर्ज, सीडीओ ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में 20 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें पेयजल, सड़क, बिजली, पेंशन, किसान सम्मान निधि और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं।
सीडीओ ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। कांडई गांव में सीवर के गंदे पानी की समस्या पर नाली निर्माण जल्द शुरू कराने तथा दोमटखाल मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कपर की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। पेयजल आपूर्ति बाधित होने, विधवा पेंशन, किसान सम्मान निधि और जंगली जानवरों के आतंक से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
 

17 शिकायतें दर्ज, एसडीएम ने दिए निस्तारण के निर्देश
चमोली। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को उपजिलाधिकारी राज कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 17 शिकायतों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। ज्योतिर्मठ के रविग्राम निवासी वैभव सकलानी ने भू-धंसाव क्षेत्र में लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के निर्माण कार्यों की शिकायत की। एसडीएम ने समिति गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। डुंगरी निवासी अर्जुन सिंह ने नल जल मित्र के रूप में किए गए कार्य के मानदेय भुगतान का मामला उठाया। वहीं, गोपेश्वर निवासी शांता देवी ने मकान में पानी के रिसाव की समस्या बताई। एसडीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
 

21 शिकायतें दर्ज, प्रभारी जिलाधिकारी ने दिए निस्तारण के निर्देश
टिहरी गढ़वाल। नई टिहरी स्थित जिला सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें पेयजल, बिजली, मुआवजा, पेंशन सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित 21 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने और समाधान हो चुके मामलों को पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में सड़क मरम्मत, विद्यालय की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार, पेयजल लाइन की खुदाई से मकान को हुए नुकसान, दाखिल-खारिज में देरी और भूमि पर कथित अवैध निर्माण जैसी समस्याएं उठाई गईं। अधिकारियों को संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *