मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए संवेदनशील गांवों में हैजर्ड मैपिंग

रुद्रप्रयाग। मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए रुद्रप्रयाग वन प्रभाग ने संवेदनशील गांवों में सामुदायिक हैजर्ड मैपिंग की। वन्यजीव सप्ताह के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक जखोली रेंज के कोटी डांगी, सिनगाटा तथा खांकरा रेंज के पाटा, बांसी और सौंड़ सहित कई गांवों में ग्रामीणों के सहयोग से वन्यजीवों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
इस पहल के तहत ग्रामीणों के पारंपरिक ज्ञान और अनुभवों के आधार पर संघर्ष की आशंका वाले हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए, ताकि समय रहते रोकथाम के प्रभावी कदम उठाए जा सकें। सप्ताह के दौरान जागरूकता कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता, बर्ड वाचिंग और निगरानी उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया। 8 अक्टूबर को डीएफओ विनीत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चोपता के मक्कू बैंड और बनियाकुंड में स्वच्छता अभियान चलाकर प्राकृतिक पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।