शिविर में सात शिकायतों का किया निस्तारण

रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड जखोली के राजकीय इंटर कॉलेज रामाश्रम में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से सात का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, पर्यटन, डेयरी विकास, सैनिक कल्याण और जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली, उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, खंड विकास अधिकारी विलेश्वर पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।