एसपी ने हेमकुंड साहिब और घांघरिया में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

चमोली। यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने हेमकुंड साहिब और घांघरिया पहुंचकर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया। गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब में मत्था टेककर उन्होंने प्रदेश में सुख-शांति की कामना की तथा प्रबंधन समिति के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद घांघरिया चौकी का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी एवं एसडीआरएफ जवानों की समस्याएं सुनीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
10 अक्टूबर को हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने तथा संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ से आपदा उपकरणों और तैयारियों की जानकारी लेते हुए आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया एवं बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। एसपी ने जवानों के साथ रात्रि भोजन कर उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। बताया गया कि 23 मई को कपाट खुलने के बाद अब तक करीब 3.65 लाख श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं।