योजनाओं के कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे करें अधिकारी: डीएम

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं के कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डीएम ने डी एवं सी श्रेणी में चल रहे विभागों को ए श्रेणी में आने के लिए निरंतर प्रयास करने को कहा।
जिला योजना की प्रथम किस्त की धनराशि शीघ्र व्यय करने तथा स्वीकृत कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। द्वितीय किस्त की स्वीकृति के लिए 30 सितंबर तक प्रस्ताव जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविरों में सभी विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।