महिलाएं सकारात्मक होकर अपने लक्ष्य पर ध्यान करें केंद्रित, सरकार देगी पूरा साथ: मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को सकारात्मक होकर, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा, सरकार पूरी तरह उनके साथ है
शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सीधा संवाद किया, जिसमें महिलाओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं पर अपने विचार रखे साथ ही सुझाव दिए। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं में कौशल और उद्यमिता विकास से लेकर उनके बनाए उत्पादों का वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी योजना लागू की गई है। महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए आसान लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश की महिलाएं सिलाई, बुनाई से लेकर कारखाना चलाने तक में सक्षम हो रही हैं। महिलाओं को सकारात्मक होकर, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा, सरकार पूरी तरह उनके साथ है।
इस अवसर पर विधायक दलीप रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, नेहा शर्मा, किरण भट्ट, डॉ. प्राची कंडवाल एवं मातृशक्ति उपस्थित थी।

संवाद में भावुक पल
संवाद के दौरान एक महिला लाभार्थी ने बताया कि जीवन में एक क्षण ऐसा भी आया जब उनका घर तक बिक गया था, बच्चे खाना खाने के लिए भी मोहताज हो गए थे, लेकिन महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने फिर अपने परिवार को संभाला। सरकार की बिना गारंटी का ऋण समूहों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उक्त महिला लाभार्थी ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित गीत स्वतरूस्फूर्त तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने ‘हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है’ गीत के जरिए महिलाओं को बिना ब्याज के ऋण, लखपति दीदी योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए, कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण को समर्पित नीतियों के चलते महिलाएं लगातार मजबूत हो रही हैं।