ईनामी वांछित अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

श्रीनगर गढ़वाल। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने 90 किलो अवैध गांजा बरामदगी के मामले में 1500 रुपये के ईनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। 23 अगस्त 2026 को श्रीनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान इको एम्बुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद कर एम्बुलेंस सीज की थी। मामले में रविन्द्र सिंह, रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू और विनोद रावत को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में मंगलाकोटी निवासी दीपक सिंह बिष्ट की भी गांजा खरीद-फरोख्त एवं आपूर्ति में संलिप्तता सामने आई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे दीपक पर एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने 1500 रुपये का ईनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र की सूचना पर 17 सितंबर को श्रीनगर से उसे गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश असवाल, हेड कांस्टेबल संजय कुमार एवं दिनेश नेगी शामिल रहे।