जनता मिलन में डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश

जनता मिलन में डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश


देहरादून। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में 102 शिकायतें दर्ज हुईं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और भूमि विवाद से जुड़े मामले भी पहुंचे। ऋषिकेश की तीन महिलाओं ने निवेश के नाम पर कुल 37.95 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया, जिस पर जांच के निर्देश दिए गए। नौकरी के नाम पर 1.75 लाख रुपये तथा सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी की शिकायतों पर पुलिस को जांच सौंपी गई।
इसके अलावा मोबाइल नेटवर्क, पेयजल, अतिक्रमण, रास्ता बंद करने, बुजुर्ग महिला से उत्पीड़न और बारिश से मकान व गौशाला क्षति के मामले भी सामने आए। एडीएम ने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।


डीएम ने शिकायत सुन दिए निस्तारण के निर्देश

चमोली। जिला सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएम ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की 19 शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। डुंग्री में पार्किंग बाधित होने, पेयजल लाइन सुधार, कौंज-पोथनी-बेलीधार मोटर मार्ग की गुणवत्ता, नारायणबगड़-परखाल और परखाल-डुंग्री मार्ग के सुधारीकरण तथा भूस्खलन उपचार की मांग उठी। डीएम ने लोनिवि अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। रुद्रनाथ पैदल मार्ग के पनार बुग्याल में घोड़े-खच्चरों के चरान पर रोक की मांग पर वन विभाग को जांच के निर्देश दिए। डीएम ने सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।


जनता मिलन में जिलाधिकारी ने सुनीं 28 शिकायतें

पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने 28 शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों का स्थलीय परीक्षण कर नियमानुसार समाधान तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देने को कहा। पेयजल लाइन, नाली से मकान को क्षति, गुलदार-भालू से सुरक्षा, सड़क, मलबा और सिंचाई से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने धौलीधार में तीन सोलर लाइट लगाने, वन विभाग को गश्त व जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। पूर्व शिकायतों की समीक्षा में आपदा प्रभावित भवन के लिए 11,500 रुपये राहत सहायता स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई।


41 शिकायतें व मांगपत्र प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने पुनर्वास, प्रतिकर, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास, सड़क, पुलिया, पेयजल और सोलर सहित 41 शिकायतें व मांगपत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण करते हुए शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान कर लोगों को राहत दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *