नारी शक्ति की भागीदारी से ही संभव है सशक्त और विकसित भारत का निर्माण: मदन कौशिक

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी की ओर से भूपतवाला स्थित वासुदेव आश्रम में नारी शक्ति वंदन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि नारी शक्ति की भागीदारी से ही सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है। इस दौरान सप्त ऋषि मंडल कि अध्यक्ष प्रीती गौर और महामंत्री मोनिका धीमान, साथ ही अन्य महिलाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर विजयश्री का आशीर्वाद दिया।
मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति और सम्मान का प्रतीक माना गया है। महिलाएं आज शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, खेल, विज्ञान, व्यापार और उद्यमिता सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महापौर किरण जैसल ने कहा कि महिलाएं परिवार के साथ राष्ट्र निर्माण की भी महत्वपूर्ण शक्ति हैं। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने हरिद्वार में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो नेता दीपांशु विद्यार्थी ने किया।