सुमननगर की चार गलियां जलमुक्त, बंद गली में जल निकासी का कार्य जारी

हरिद्वार। लगातार बारिश के कारण ग्राम सुमननगर में हुए जलभराव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जल निकासी का कार्य लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन, तहसील प्रशासन, सिंचाई, पंचायत सहित संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर तैनात हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि 1 सितंबर से लगातार हो रही बारिश के कारण सुमननगर की गलियों में जलभराव की स्थिति बनी थी। प्रशासन द्वारा पंप सेट, टैंकर, ट्रैक्टर और ट्रैक्टर पंप सेट के माध्यम से लगातार पानी निकाला जा रहा है। इसके साथ ही जेसीबी की मदद से बन्दा नंबर-2 को काटकर सुमननगर से लगी सुखी नदी तक अस्थायी नाली बनाकर जल निकासी की गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में गली संख्या 1, 2, 4 और 5 से पानी की निकासी कर उन्हें जलमुक्त कर दिया गया है, जबकि गली संख्या-3 में जल निकासी का कार्य जारी है। राहत की बात यह है कि जलभराव केवल गलियों में था और किसी आवासीय मकान में पानी नहीं भरा। प्रशासन तीन माध्यमों से जल निकासी कर रहा है। सक्शन मशीन से पानी खींचा जा रहा है, पंप सेट से बाहर निकाला जा रहा है और जेसीबी से नालियों की खुदाई व सफाई कर जल निकासी मार्ग सुचारु किया जा रहा है। संबंधित टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।