एडीएम ने खरसाड़ा के विद्यालयों का किया भौतिक निरीक्षण

टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने नरेंद्रनगर के ग्राम खरसाड़ा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय जूनियर हाईस्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्थाओं, अभिलेखों और विद्यालय की सुविधाओं का जायजा लेते हुए छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इंटर कॉलेज में कक्षा 9 से 12 तक 163 विद्यार्थी अध्ययनरत मिले, जबकि जूनियर हाईस्कूल में 47 छात्र-छात्राएं हैं। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर मिली, हालांकि आपदा के कारण विद्यालय का आंगन क्षतिग्रस्त पाया गया। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आंगन की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। जूनियर हाईस्कूल में मध्याह्न भोजन योजना संचालित मिली और विद्यार्थी निर्धारित स्कूल ड्रेस में उपस्थित थे। उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ रचनात्मक एवं गतिविधि आधारित कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।