सप्तऋषि क्षेत्र में सीवर का दूषित पानी बहने पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

हरिद्वार। वार्ड नंबर-1 के सप्तऋषि क्षेत्र में गंगा माता नेत्र अस्पताल से तिराहे तक सीवर का दूषित पानी सड़क पर बहने और नाला निर्माण अधूरा छोड़े जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोग और श्रद्धालु दूषित पानी के बीच आवाजाही करने को मजबूर हैं, जबकि शासन-प्रशासन समस्या की अनदेखी कर रहा है।
अशोक शर्मा ने कहा कि गंदे पानी के कारण क्षेत्र में संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। अधूरा नाला निर्माण होने से सीवर का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि रोजाना हजारों श्रद्धालुओं के यहां से गुजरने के कारण धर्मनगरी की छवि भी प्रभावित हो रही है। कार्यक्रम संयोजक सन्नी मल्होत्रा और मुरली मनोहर ने कहा कि क्षेत्र में दिनभर बदबू रहने से स्थानीय व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन में पार्षद सुनील कुमार समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।