देवभूमि खेल चेतना यात्रा में दिखा बालक-बालिकाओं का उत्साह

रुद्रप्रयाग। द्वितीय देवभूमि खेल चेतना यात्रा एवं मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा-2026 के तहत जिला खेल कार्यालय अगस्त्यमुनि से खेल चेतना रैली निकाली गई। रैली में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 260 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से बच्चों और युवाओं को नियमित खेल गतिविधियों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के बाद इंडोर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को खेलों के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, रतन गुप्ता, मनोज राणा, वरद जोशी और मनोज सिंह चौहान सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।