श्रमिक पंजीकरण शिविर में कैबिनेट मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

पौड़ी। विकासखंड बीरोंखाल सभागार में मंगलवार को श्रम विभाग की ओर से श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने श्रमिकों और क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री ने 97.23 लाख रुपये की लागत से निर्मित एक किमी जोगीमणी-सराईंखेत मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होती है। सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिक विकास की मजबूत कड़ी हैं। ब्लॉक स्तर पर शिविरों का उद्देश्य श्रमिकों को पंजीकरण-नवीनीकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर से बचाना है। पात्र श्रमिकों को विवाह, शिक्षा, चिकित्सा, मातृत्व, औजार एवं दुर्घटना सहायता सहित योजनाओं का लाभ समयबद्ध दिलाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर बडियान में चार लाख रुपये की लागत से मां भगवती मंदिर के विकास कार्य का शिलान्यास भी हुआ।