पात्र परिवारों को हर हाल में मिले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ

रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को सभी पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि आवास प्लस ऐप-2024 के माध्यम से जनपद की ग्राम पंचायतों में 10,219 परिवारों का ऑनलाइन सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद 7,106 पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची तैयार की गई है। तीनों विकासखंडों की 329 ग्राम पंचायतों में खुली बैठकों के माध्यम से सूची के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिलाधिकारी ने योजना के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और शासन की गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ दिलाने तथा कोई भी पात्र परिवार आवास सुविधा से वंचित न रहने देने के निर्देश दिए।