मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने के लिए वैज्ञानिक शोध शुरू

रुद्रप्रयाग। मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण और प्रभावी समाधान के लिए रुद्रप्रयाग वन प्रभाग में शोध कार्य शुरू किया गया है। उप वन संरक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में सलीम अली सेंटर फॉर ऑर्निथोलॉजी एंड नेचुरल हिस्ट्री के वैज्ञानिकों एवं रिसर्च फेलो की छह सदस्यीय टीम अध्ययन कर रही है।
टीम डॉ. शेखोम इनोओतोम्बी के नेतृत्व में हिमालयी भालू, गुलदार, जंगली सुअर, बंदर और लंगूर से जुड़े संघर्षों का अध्ययन करेगी। शुरुआत दक्षिणी जखोली रेंज के उच्छना, पालाकुराली और त्यूंखर गांवों से की गई है। टीम भोजन, मौसम, आवास, मानवीय गतिविधियों और स्थानीय अनुभवों समेत विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। अध्ययन के निष्कर्षों से क्षेत्र-विशिष्ट संघर्ष न्यूनीकरण रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी।