सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के समाधान में तेजी के निर्देश

गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित 16 प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं संतोषजनक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी करने, पोर्टल पर कार्रवाई की स्थिति समयबद्ध अपडेट करने और विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय से समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न करने के निर्देश दिए।