’’किंग ऑफ उत्तराखंड’’ का खौफ खत्म, गैंगस्टर एक्ट में गैंग लीडर समेत तीन गिरफ्तार

’’किंग ऑफ उत्तराखंड’’ का खौफ खत्म, गैंगस्टर एक्ट में गैंग लीडर समेत तीन गिरफ्तार


देहरादून। संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ बताने वाले गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित तीन आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार किया है। आरोपी भूमि एवं पारिवारिक विवादों में लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बताए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर ऋषिकेश पुलिस ने गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों पर दबाव बनाता था। विवादों को जबरन सुलझाने, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली और ब्लैकमेलिंग करने तथा घरों में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी गिरोह पर हैं।
पुलिस के मुताबिक जगजीत उर्फ जग्गा और उसके गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध वर्ष 2016 से 2026 के बीच करीब 11 आपराधिक अभियोग दर्ज हैं। इनके कारण क्षेत्र में भय का माहौल बनने तथा लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने के दृष्टिगत गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 405/2026 के तहत गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा, प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, नामजद आरोपी रवि गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने जगजीत की निशानदेही पर उसके घर से ’’किंग ऑफ उत्तराखण्ड’’’ लिखा बोर्ड भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इसी तरह के प्रभाव और भय का इस्तेमाल कर लोगों पर दबाव बनाता था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *