रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत का मामला, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। 22-23 अगस्त की देर रात रक्षा विहार क्षेत्र में कांच से घायल युवक इफ्तिखार को उसके साथी उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी डोईवाला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी के साथ आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक और अनस मित्र थे तथा दोनों के बीच दूध पीने को लेकर शर्त लगी थी। इसके बाद जोर आजमाइश के दौरान धक्का लगने से इफ्तिखार कांच के दरवाजे पर गिर गया और शीशा टूटकर उसकी बगल में जा घुसा, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरीश, अनस और जावेद को आंचल डेयरी रोड रायपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।