टिहरी में 43 किलो 570 ग्राम डोडा पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

टिहरी। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर थाना घनसाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान 43 किलो 570 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की ईको स्पोर्ट्स कार भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की सुबह घनसाली पुलिस टीम घुमेटीधार में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान वाहन संख्या एचआर-51-बीजी-9762 को रोककर तलाशी ली गई। कार में रखे छह प्लास्टिक कट्टों से 43 किलो 570 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से संदीप उर्फ संजू निवासी नरवाना और रघुवीर सिंह निवासी नरवाना, जिला जींद, हरियाणा को गिरफ्तार किया। कार्रवाई टीम में उपनिरीक्षक अनिल भट्ट, अपर उपनिरीक्षक भास्कर, हेड कांस्टेबल मनीष कंडारी, कांस्टेबल अरविंद कुमार और होमगार्ड रोहित कुमार शामिल रहे।