महरगांव आपदा के बाद राहत और पुनरुद्धार कार्य तेज

पौड़ी। द्वारीखाल विकासखंड के आपदा प्रभावित महरगांव में जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं पुनरुद्धार कार्य तेजी से जारी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में प्रभावित क्षेत्र में पेयजल, सड़क और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बहाली की जा रही है। आपदा के बाद जिलाधिकारी स्वयं दुर्गम मार्ग से पैदल महरगांव पहुंचीं और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की। अंतिम शव बरामद होने तक वह मौके पर मौजूद रहीं तथा प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षतिग्रस्त जल जीवन मिशन की मुख्य पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत पूरी कर जलापूर्ति सुचारु कर दी गई है। संपर्क मार्ग से मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगातार तैनात हैं। पशुपालन विभाग ने घायल पशुओं का उपचार कर 10 बैग चारा उपलब्ध कराया। प्रभावित परिवारों को सूखा राशन, बर्तन और कंबल भी वितरित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्थिति सामान्य होने तक राहत एवं पुनरुद्धार कार्यों में पूरी तत्परता बरतने के निर्देश दिए हैं।