अगरबत्ती कारोबार से नंदी देवी ने लिखी आत्मनिर्भरता की कहानी

चमोली। विकासखंड थराली की ग्राम पंचायत भटियाणा निवासी नंदी देवी ने सीमित संसाधनों से शुरू किए अगरबत्ती एवं धूपबत्ती कारोबार को मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर ‘तपौवन’ ब्रांड के रूप में स्थापित किया है। नवंबर 2020 में शुरू हुआ उनका यह कारोबार आज करीब एक लाख रुपये प्रतिमाह तक पहुंच चुका है।
नंदी देवी को ग्रामोत्थान परियोजना रीप, जय मां भवानी स्वयं सहायता समूह और आस्था महिला आजीविका स्वायत्त सहकारिता, कुलसारी से मार्गदर्शन एवं सहयोग मिला। वर्ष 2024 में उन्हें 75 हजार रुपये की वित्तीय सहायता मिली, जबकि कारोबार विस्तार के लिए उन्होंने 1.50 लाख रुपये का ऋण भी लिया। इससे उत्पादन क्षमता और बाजार का विस्तार करने में मदद मिली। तपौवन ब्रांड के उत्पाद अब कुलसारी, थराली, देवाल, ग्वालदम, नारायणबगड़, कर्णप्रयाग, पौड़ी, देहरादून और ऋषिकेश सहित कई बाजारों तक पहुंच रहे हैं। नंदी देवी के उद्यम से वर्तमान में 4 से 5 ग्रामीण महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। नंदी देवी के पुत्र पंकज भी बाजार विस्तार और बिक्री में सहयोग कर रहे हैं। उनका लक्ष्य ‘तपौवन’ को उत्तराखंड से बाहर देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाना है। उनका सफर ग्रामीण महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल बन गया है।