टीबी स्क्रीनिंग में तेजी लाएं, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित करें मॉनिटरिंग

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जिला सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य एवं मातृत्व कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान, टीबी स्क्रीनिंग, एचपीवी वैक्सीनेशन, एनसीडी स्क्रीनिंग एवं फेस ऑथेंटिकेशन की प्रगति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कम प्रगति वाले क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग का दायरा बढ़ाने तथा स्वास्थ्य शिविरों की संख्या आवश्यकता के अनुसार बढ़ाने के निर्देश दिए। बताया गया कि 5 से 16 अगस्त तक आयोजित 34 स्वास्थ्य शिविरों में 3,085 एक्स-रे स्क्रीनिंग की गईं। उन्होंने छूटे हुए लोगों को भी जांच के दायरे में लाने को कहा। मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित जांच और विशेष मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि निगरानी के लिए वार रूम एवं टोल-फ्री कॉल सेंटर तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने टीबी निवारक उपचार की प्रक्रिया को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।