गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी तो खुला खौफनाक राज, अंकित की हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार

गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी तो खुला खौफनाक राज, अंकित की हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार


हरिद्वार/लक्सर। शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार खनन में मुखबिरी और पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने दो अगस्त की रात अंकित की हत्या कर शव को उसकी बाइक से बांधकर गंगा में डुबो दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ के गोताखोरों ने गंगा से शव और बाइक बरामद कर ली।
जानकारी के अनुसार अंकित दो अगस्त की रात बाइक से घर लौट रहा था। इसके बाद वह लापता हो गया और उसका मोबाइल भी बंद मिला। परिजनों की शिकायत पर लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी पर संदेह हुआ। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार अंकित ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन के मामलों में आरोपियों की मुखबिरी करता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश में उन्होंने रास्ते में अंकित को रोककर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाइक से बांधकर शिवपुरी के पास खुसरो की ठोकर से गंगा में डाल दिया। आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाकर शव और बाइक बरामद की। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित बीएनएस धाराओं की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में खानपुर के हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *