वीरशिवा स्कूल बना वॉलीबॉल चौंपियन

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो/भुवन बिष्ट।
रानीखेत। रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज में स्वर्गीय केडी बेलवाल वॉलीबॉल टूर्नामेंट एवं स्वर्गीय कमला बेलवाल ऐपण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में वीरशिवा स्कूल ने सिटी मोंटसरी स्कूल को 2-1 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। खिरखेत इंटर कॉलेज को अनुशासित टीम का पुरस्कार दिया गया।
ऐपण प्रतियोगिता में रानीखेत इंटर कॉलेज की छात्रा कामिनी बेलवाल ने प्रथम, जाह्नवी ने द्वितीय तथा राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज की मानसी रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हर्षिता और वर्षा को सांत्वना पुरस्कार मिला। केडी बेलवाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त अपर सचिव जगदीश चंद्र पंत ने विद्यार्थियों को शिक्षा एवं खेल के महत्व की जानकारी दी। ऐपण प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि वृंदा पंत ने विद्यार्थियों को ऐपण कला की बारीकियां बताईं। ट्रस्ट अध्यक्ष जगदीश बेलवाल ने मिशन इंटर कॉलेज के आठ मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की तथा श्रेष्ठ छात्र महफूज और छात्रा मेघा पवार सहित कनिका रौतेला को सम्मानित किया।