बेलनी में 85.68 मीटर लंबे नए मोटर सेतु के निर्माण को लेकर कैबिनेट मंत्री ने प्रभावितों और व्यापारियों से की बैठक

रुद्रप्रयाग। बेलनी में 60 वर्ष पुराने स्टील सेतु के स्थान पर प्रस्तावित 85.68 मीटर लंबे नए मोटर सेतु के निर्माण को लेकर जिला कार्यालय सभागार में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सेतु निर्माण से प्रभावित भवन स्वामियों, स्थानीय व्यापारियों एवं अन्य लोगों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई।
बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर पुराने सेतु के अपस्ट्रीम साइड में बनने वाले नए सेतु की स्वीकृत लागत करीब 33.05 करोड़ रुपये है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा और क्षेत्र की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण है, लेकिन निर्माण के दौरान प्रभावित लोगों एवं व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को प्रभावितों को नियमानुसार पारदर्शी मुआवजा एवं पुनर्स्थापना सुनिश्चित करने तथा प्रस्तावित मुआवजे और परिसंपत्तियों के आकलन का पुनः परीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यापारियों की आजीविका प्रभावित न हो, इसके लिए अस्थायी दुकानों एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स हेतु उपयुक्त भूमि चिह्नित करने को कहा। मंत्री ने निर्माण शुरू होने से पहले सभी प्रभावितों से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी, प्रभावित लोग एवं व्यापारी मौजूद रहे।