दून पुलिस के हत्थे चढ़ा अवैध सट्टा खिलाने वाला अभियुक्त
देहरादून। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा खिलाने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बेलावाला क्षेत्र में एक व्यक्ति लोगों को सट्टा खिला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सोनू पुत्र लाल सिंह (46) निवासी बेलावाला को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त ने मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक पॉकेट डायरी और 5,990 रुपये नकद बरामद हुए। मामले में कोतवाली विकासनगर में धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई में कांस्टेबल मनोज भारती और पीआरडी कमल शामिल रहे।