हर घर लहराएगा दून का हैंडमेड तिरंगा, महिलाओं के हुनर को मिली नई पहचान

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ आह्वान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को सहसपुर ब्लॉक की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं धरातल पर साकार कर रही हैं। शंकरपुर स्थित सिलाई यूनिट में महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे सूती कपड़े के हैंडमेड तिरंगे इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शान बन रहे हैं।

रीप और एनआरएलएम के सहयोग से संचालित यूनिट में महिलाएं अब तक 5,000 से अधिक तिरंगे तैयार कर चुकी हैं। आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से तैयार इन तिरंगों की 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर स्कूलों, सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय बाजार में मांग रहती है। बीते गणतंत्र दिवस पर तिरंगा निर्माण एवं बिक्री से समूह की महिलाओं ने करीब ’’एक लाख रुपये की बचत’’ अर्जित की।
रीप की जिला परियोजना प्रबंधक सोनम गुप्ता ने बताया कि यूनिट में 15 से 20 महिलाएं राष्ट्रीय ध्वज तैयार कर रही हैं। वहीं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि जिला प्रशासन सहित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़े लोग भी महिलाओं से तिरंगे खरीद रहे हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि महिलाएं राष्ट्रीय उत्सव में भागीदारी के साथ स्वरोजगार और आय सृजन का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।