हरियाणा और उत्तराखंड सहकारिता क्षेत्र में मिलकर करेंगे काम: डॉ. धन सिंह

चंडीगढ़/देहरादून। उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने एक दिवसीय चंडीगढ़ प्रवास के दौरान हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के मुख्यालय का भ्रमण कर बैंक की कार्यप्रणाली, डिजिटल सेवाओं तथा किसानों, महिलाओं और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर सहकारिता क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और जनहितकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. रावत ने कहा कि हरियाणा ने सहकारिता, विशेषकर सहकारी बैंकिंग के क्षेत्र में पारदर्शिता, डिजिटल सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और हरियाणा सहकारिता क्षेत्र में एक-दूसरे के अनुभवों और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे, जिससे दोनों राज्यों में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की ’’दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ब्याज मुक्त ऋण योजना’’ की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना से किसानों को बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिली है। इस अवसर पर डॉ. रावत ने हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बैंक नई उपलब्धियां हासिल करेगा। वहीं भारत भूषण जुयाल ने उत्तराखंड सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र में किए गए नवाचारों, शून्य प्रतिशत ब्याज ऋण योजना, सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल पहल की सराहना की। बैठक में बैंक अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग और किसानों के लिए संचालित योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया।