पापड़गाड़ भू-धंसाव क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण

पापड़गाड़ भू-धंसाव क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / मोहन सिंह राणा,
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़गाड़ के समीप हुए भू-धंसाव के बाद जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मंगलवार को स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने धंसाव की स्थिति, कटाव के खतरे और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए बीआरओ और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से तकनीकी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संवेदनशील हिस्सों में मलबा हटाने और सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। फिलहाल मार्ग को आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए भू-धंसाव क्षेत्र के दोनों ओर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने जिला आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सतर्क रहने और मार्ग की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और बीआरओ की टीमें भारी मशीनों के साथ मौके पर तैनात हैं और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारु बनाने का कार्य लगातार जारी है। साथ ही यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *