मेले में युवक पर चाकू से हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

कोटद्वार। मेले के दौरान युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को लकड़ी पड़ाव स्थित सिद्धबली पब्लिक स्कूल के पास आयोजित मेले में विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी गर्दन, गले और सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर काशीरामपुर तल्ला निवासी 20 वर्षीय मयंक और 19 वर्षीय प्रवीण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की।