विधायक ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

टिहरी। विकासखंड जाखणीधार के गेंवली देवल स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक किशोर उपाध्याय ने पूजा-अर्चना के बाद फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में 200 कागजी नींबू, 100 माल्टा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए। विधायक ने कहा कि वृक्षारोपण सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और फलदार पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों की आय बढ़ाने में भी सहायक होंगे। उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष गीता धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।