जिला भाजपा की बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

जिला भाजपा की बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा


हरिद्वार। जिला भाजपा कार्यालय हरिद्वार में जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों एवं जनसरोकार से जुड़े आयोजनों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यक्रमों की सफलता के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में आगामी हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा को लेकर विशेष रूप से चर्चा करते हुए इसे मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है, जिसके माध्यम से देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा की तैयारियों पर भी मंथन किया गया। जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया, जिसे समाज तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में मंडल स्तर पर जिम्मेदारियों के निर्धारण, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा जनभागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *