सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी भीड़

जखोली। सावन के प्रथम सोमवार पर विकासखंड जखोली के कोटेश्वर महादेव मंदिर कौठियाड़ा, लस्या महेश मंदिर, धनेश्वर महादेव मंदिर धान्यों सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्तों ने जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भोलेनाथ की आराधना की। कोटेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए कतारों में इंतजार करना पड़ा। मंदिर समिति के सदस्यों ने दर्शन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया। पूरे क्षेत्र में सावन के पहले सोमवार को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।