प्रमोद खारी के इस्तीफे की गूंज, लक्सर में हजारों समर्थकों ने भाजपा से तोड़ा नाता

: शक्ति प्रदर्शन के बीच युवाओं और महिलाओं ने सामूहिक इस्तीफे का किया ऐलान
 
: समर्थकों का दावा- यह तो शुरुआत है, जल्द भाजपा को लगेंगे और बड़े झटके
 
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / रोहित वर्मा,
 
हरिद्वार। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद खारी के पार्टी से इस्तीफे के बाद लक्सर की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। रविवार को लक्सर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में हजारों समर्थकों, युवाओं और महिलाओं ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए भाजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का ऐलान कर दिया। समर्थकों ने प्रमोद खारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लेते हुए दावा किया कि आने वाले दिनों में भाजपा को जिले में और बड़े राजनीतिक झटके लगेंगे। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका निर्णय किसी पद, टिकट या व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि प्रमोद खारी के नेतृत्व, कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनहित के मुद्दों के समर्थन में लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा और जल्द ही जिले में एक और बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
 
 
हरदीप चौधरी ने कहा कि वर्षों तक पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया, लेकिन समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की गई। उन्होंने कहा कि प्रमोद खारी हमेशा जनता और कार्यकर्ताओं की आवाज बने, इसलिए आज हजारों लोग उनके समर्थन में भाजपा छोड़ रहे हैं। अंकुल सिंह ने कहा कि यह फैसला किसी दबाव या लालच में नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और कार्यकर्ताओं की अनदेखी के विरोध में लिया गया है। मनीष चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान और जनता के मुद्दों की लड़ाई सर्वोपरि है तथा आने वाले समय में बड़ी संख्या में लोग इस मुहिम से जुड़ेंगे। इस दौरान हरदीप चौधरी, अंकुल सिंह, प्रदीप सिंह, अभिषेक चौहान, अंकुर चौधरी, मनीष चौधरी, दीपक चौधरी, शुभम चौधरी, कार्तिक चौधरी, शेखर चौधरी, शान, नौशाद, उस्मान, अजीम पटवारी, शान नशीन, अकरम, चौधरी सुशीला देवी और पूनम देवी सहित बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की। समर्थकों ने दावा किया कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में कई और प्रमुख चेहरे भी प्रमोद खारी के समर्थन में भाजपा छोड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *