यातायात नियम तोड़ने पर 25 चालान, चालक गिरफ्तार

उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। यातायात पुलिस और कोतवाली उत्तरकाशी की संयुक्त टीम ने जनपद मुख्यालय, ज्ञानसू, गैस गोदाम, सब्जी मंडी और सिंगोटी सहित विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग की। अभियान के दौरान ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, तीन सवारी, रैश ड्राइविंग और अन्य नियमों के उल्लंघन पर 25 वाहन चालकों के चालान किए गए। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाते मिले एक मोटरसाइकिल चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया गया। पुलिस ने नियमों के पालन और सुरक्षित यातायात के लिए अभियान जारी रखने की बात कही।