फिट युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: मयंक भाजोराम

हरिद्वार। हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से एनी टाइम फिटनेस जिम में खिलाड़ियों और युवाओं के लिए विशेष फिटनेस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस, नियमित व्यायाम और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए अनुशासन, नियमित अभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने देश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच दिया है। राज्यमंत्री नितिन गौतम ने कहा कि पहला सुख निरोगी काया भारतीय संस्कृति का मूल संदेश है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। मुख्य वक्ता मयंक भाजोराम शर्मा ने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियान विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी युवाओं की अहम भूमिका होगी। खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति विकसित करते हैं। एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने नियमित खेल और व्यायाम के लाभ बताते हुए खिलाड़ियों को फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. हरीश चौहान, अमित कुमार, उत्कर्ष कुमार, साकेत राजपूत, सुमित सैनी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। अंत में एसोसिएशन ने भविष्य में भी ऐसे फिटनेस एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।