युवाओं को इंटर्नशिप, नेतृत्व और कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में ’’मेरा युवा भारत’’ के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों एवं वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वयंसेवी गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला युवा अधिकारी मई भारत रोशन कुमार ने संगठन के उद्देश्यों, पोर्टल की कार्यप्रणाली और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डल् ठींतंज भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख पहल है, जिसके माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, नवाचार, स्वयंसेवी कार्यों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, युवा क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, सेवा पखवाड़ा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए कि जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवा क्लबों को पोर्टल से अधिक से अधिक जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा विकसित भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति है। सभी विभाग समन्वय के साथ वार्षिक कार्ययोजना के कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।