उत्तराखंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्घोष करेंगे राहुल गांधी: गणेश गोदियाल

देहरादून। कांग्रेस पार्टी द्वारा उत्तराखंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 17 जुलाई 2026 को देहरादून में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्घोष लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा, हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुझाव दिए और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। गणेश गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का मंच बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों की नीतियों से युवाओं के सामने रोजगार और भविष्य को लेकर चुनौतियां बढ़ी हैं। उन्होंने सभी युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।