प्रगति पोर्टल की समीक्षा में डीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में प्रगति पोर्टल पर शिक्षा विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यात्मक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र नामांकन बढ़ाने, विद्यालय उच्चीकरण, समावेशी शिक्षा एवं पीएम पोषण योजना की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने निर्देश दिए कि विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही घटते नामांकन वाले विद्यालयों के विलय संबंधी प्रस्ताव नियमानुसार तैयार करने को कहा। उन्होंने प्रगति पोर्टल पर अद्यतन एवं प्रमाणिक सूचनाएं समय पर अपलोड करने, आरटीई एवं व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े आंकड़ों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।