जनपद के समग्र विकास के लिए रोडमैप बनाकर कार्य करें सभी विभागः सजवाण

टिहरी। जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल की सामान्य बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार बौराड़ी में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन, स्वच्छता एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जल निगम, जल संस्थान, शिक्षा, चिकित्सा, विद्युत, पर्यटन, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संचालित योजनाओं की जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि टिहरी गढ़वाल के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने समस्याओं की पहचान के साथ उनके स्थायी समाधान के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने डिजिटल शिक्षा, रिवर्स माइग्रेशन, विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण को बढ़ावा दिया जाए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने विकास योजनाओं की जानकारी के लिए महत्वपूर्ण बैठकों में जिला पंचायत सदस्यों को शामिल करने का सुझाव दिया। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न ब्लॉकों के प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।