तुंगेश्वर क्षेत्र में डाक वितरण में लापरवाही का मामला, पोस्टमैन के कमरे से मिली भारी मात्रा में अवितरित डाक

थराली (चमोली)। थराली विकासखंड के तुंगेश्वर क्षेत्र में डाक विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र में तैनात एक पोस्टमैन ने वर्ष 2025 से अब तक की महत्वपूर्ण डाक लाभार्थियों तक पहुंचाने के बजाय अपने निजी कमरे में तीन से चार बोरियों में बंद कर रखी।
ग्रामीणों के अनुसार इन बोरियों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक एटीएम कार्ड, बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज तथा स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे गए महत्वपूर्ण पत्र शामिल थे, जिन्हें समय पर वितरित नहीं किया गया। मामला तब उजागर हुआ जब स्थानीय निवासी विनोद पांडे को उनकी पुत्री का आधार कार्ड मार्ग किनारे पड़ा मिला। इस पर संदेह होने पर ग्रामीणों ने जब पोस्टमैन के कमरे की जांच की तो वहां बड़ी मात्रा में अवितरित डाक पाई गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग डेढ़ वर्ष से क्षेत्र में नियमित डाक वितरण नहीं हो रहा था, जिससे कई लोगों को सरकारी और बैंकिंग कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और दोषी कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डाक अधीक्षक गोपेश्वर (चमोली) अजय कुमार ने बताया कि पोस्टमैन द्वारा डाक को अपने पास रखना नियम विरुद्ध है। मामले की जांच कराई गई है और दोष सिद्ध होने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और पूरी जांच के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि लापरवाही के कारण कई नागरिकों के महत्वपूर्ण दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं हो पाए, जिससे उन्हें गंभीर असुविधा हुई है।